- वॉशिंगटन हो या दिल्ली, नफरत और विभाजन की राजनीति को रोकना होगा
- दिवाली समारोह में रामायण-महाभारत की तारीफ कर दिया एकता का संदेश
न्यूयॉर्क। अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान ममदानी ने हिंदू और सिख समुदायों के खिलाफ बढ़ती नफरत तथा नस्लीय भेदभाव पर कड़ी चिंता जताई है। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी समुदाय को उसके धर्म, पहचान या मूल के आधार पर निशाना बनाना स्वीकार नहीं किया जा सकता। वॉशिंगटन हो या दिल्ली, नफरत और डर फैलाने वाली राजनीति को हर जगह खारिज करना होगा। ममदानी ने यह बात बुधवार को न्यूयॉर्क में अपने कार्यालय की ओर से आयोजित दिवाली समारोह में कही।
समारोह को संबोधित करते हुए ममदानी ने कहा कि पिछले एक वर्ष के दौरान अमेरिका में हिंदू मंदिरों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं सामने आई हैं। इसके अलावा सिख समुदाय को भी उच्च स्तर पर राजनीतिक निशाने का सामना करना पड़ा है। उन्होंने चिंता जताई कि जिस नफरत को कभी समाज के हाशिये तक सीमित माना जाता था, वह अब राजनीतिक अभियानों के केंद्र तक पहुंचती दिखाई दे रही है।
मां पंजाबी हिंदू परिवार से, बचपन से मनाते रहे दिवाली
35 वर्षीय जोहरान ममदानी ने अपने पारिवारिक और सांस्कृतिक परिवेश का भी जिक्र किया। उनकी मां प्रसिद्ध फिल्म निर्माता मीरा नायर पंजाबी हिंदू परिवार से आती हैं, जबकि उनके पिता युगांडा मूल के मुस्लिम हैं। ममदानी ने बताया कि उन्होंने बचपन से अपने परिवार के साथ दिवाली मनाई है। उन्होंने दिवाली को रोशनी का त्योहार बताते हुए कहा कि दीपक की लौ दूसरों को रास्ता दिखाने का प्रतीक है। न्यूयॉर्क की असली ताकत उसकी विविधता और अलग-अलग संस्कृतियों के लोगों का साथ रहना है।
सिएटल में दिवाली समारोह में बाधा डालने की घटना से बढ़ी चिंता
ममदानी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका में दक्षिण एशियाई और भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ नस्लीय नफरत की घटनाओं को लेकर बहस तेज है। हाल ही में सिएटल में आयोजित दिवाली समारोह में दो दक्षिणपंथी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स द्वारा कथित तौर पर बाधा डालने का मामला सामने आया था। इस घटना को लेकर 13 अमेरिकी सांसदों ने कानून प्रवर्तन एजेंसियों से जांच कराने की मांग की है।
इस पत्र पर अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के सभी छह भारतीय-अमेरिकी सांसदों ने हस्ताक्षर किए हैं। सांसदों ने एफबीआई निदेशक काश पटेल सहित ट्रंप प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से दक्षिण एशियाई समुदायों के खिलाफ बढ़ती नफरत को रोकने के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी भी मांगी है।
सोशल मीडिया पर 5.42 लाख से अधिक नफरत भरे पोस्ट
सांसदों ने सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ ऑर्गेनाइज्ड हेट की सितंबर 2026 की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि जनवरी 2025 से जून 2026 के बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दक्षिण एशियाई समुदाय के खिलाफ नफरत फैलाने वाले 5.42 लाख से अधिक पोस्ट सामने आए। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका में हर चार में से एक भारतीय-अमेरिकी ने वर्ष 2025 के बाद नस्लीय अपशब्दों का सामना करने की बात कही, जबकि करीब पांच में से एक व्यक्ति ने सार्वजनिक स्थानों पर भारतीय परिधान पहनने से परहेज किया।
ममदानी इससे पहले दुर्गा पूजा के एक कार्यक्रम में भी हिंदू समुदाय की सुरक्षा का मुद्दा उठा चुके हैं। उन्होंने इलिनोइस में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर कथित सामूहिक गोलीबारी की योजना का उल्लेख करते हुए कहा था कि हिंदू-अमेरिकी नागरिकों को सुरक्षित माहौल में अपने धर्म का पालन करने का पूरा अधिकार है।
The post ममदानी बोले-हिंदू-सिखों के खिलाफ नफरत बर्दाश्त नहीं appeared first on Ummid E Jaha.







