देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज लक्ष्मण चौक वेलफेयर सोसाइटी द्वारा हिंदू नेशनल कॉलेज, देहरादून में आयोजित रावण दहन एवं दशहरा मेला कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रावण दहन कर बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया और प्रदेशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि दशहरा भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व है, जो सत्य, धर्म और न्याय की स्थापना का संदेश देता है। रावण दहन हमें अपने भीतर मौजूद अहंकार, क्रोध, लोभ और नकारात्मक प्रवृत्तियों को त्यागकर सदाचार अपनाने की प्रेरणा देता है।
हिंदू नेशनल स्कूल, देहरादून में आयोजित दशहरा महोत्सव एवं रावण दहन कार्यक्रम में पहुँच कर उपस्थित देवतुल्य जनता को संबोधित किया और विजयादशमी के पावन पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
विजयादशमी का पर्व हमें स्मरण कराता है कि अहंकार, अन्याय और अधर्म कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो, अंततः विजय सत्य, धर्म और सदाचार की ही होती है। रावण दहन केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि अपने भीतर के अहंकार, क्रोध, लोभ और नकारात्मकता का त्याग कर जीवन में सत्य, मर्यादा और सद्भाव को अपनाने का संकल्प है।
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) October 20, 2026
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने अपने आचरण से सिखाया कि कठिन परिस्थितियों में भी सत्य और धर्म के मार्ग पर अडिग रहना चाहिए। उनका जीवन हमें परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने की सीख देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दशहरा मेले जैसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने के साथ ही नई पीढ़ी को भारतीय परंपराओं और पौराणिक प्रसंगों से जोड़ते हैं।
ऐसे कार्यक्रम स्थानीय स्तर पर जनसहभागिता बढ़ाने और सामाजिक मेल-जोल को प्रोत्साहित करने का अवसर भी प्रदान करते हैं। उन्होंने लक्ष्मण चौक वेलफेयर सोसाइटी के प्रयासों की सराहना करते हुए आयोजन से जुड़े सभी लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति के मूल्यों को अपने व्यवहार में अपनाकर ही पर्वों के संदेश को सार्थक बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं आयोजन से जुड़े लोग उपस्थित रहे।









