Home Crime कथित भड़काऊ भाषण देने के आरोप में मुफ्ती मुजीब गिरफ्तार

कथित भड़काऊ भाषण देने के आरोप में मुफ्ती मुजीब गिरफ्तार

कथित भड़काऊ भाषण देने के आरोप में मुफ्ती मुजीब गिरफ्तार



रुद्रपुर। बारावफात जुलूस के दौरान त्रिशूल चौक पर कथित भड़काऊ और आपत्तिजनक भाषण देने के आरोप में पुलिस ने रामपुर के दड़ियाल टांडा निवासी मुफ्ती मुजीब को गिरफ्तार कर लिया। भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की थी।

बताया गया कि बुधवार को बारावफात जुलूस के दौरान त्रिशूल चौक पर सभा आयोजित की गई थी। इसी दौरान मुफ्ती मुजीब ने भाषण दिया था। अगले दिन भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार, वीडियो में मुफ्ती मुजीब मदरसों को लेकर बयान देते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि उन्होंने मदरसों को बंद किए जाने की स्थिति में परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। साथ ही ईदगाह की भूमि वापस करने की मांग भी की। हालांकि, पुलिस ने वीडियो समेत उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई।

पुलिस टीम ने त्रिशूल चौक और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा सभा में मौजूद लोगों से जानकारी जुटाई गई और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की गई। जांच के बाद पुलिस ने मुफ्ती मुजीब को हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रारंभिक जांच और पूछताछ के बाद उसकी गिरफ्तारी की गई।

रम्पुरा चौकी प्रभारी के अनुसार, आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। क्षेत्राधिकारी विभव सैनी ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के दिशा-निर्देशों के तहत मामले में गंभीरता से कार्रवाई की गई। त्रिशूल चौक और आसपास के क्षेत्रों की सीसीटीवी फुटेज की गहनता से जांच की गई। इसके बाद आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।